Court / Notice / OrdesIndiaJabalpurLatest NewsMP

तकनीक, रणनीति और सख्ती से अपराध पर बड़ा प्रहार! जबलपुर पुलिस का छह माह का दमदार रिपोर्ट कार्ड, माफिया से लेकर साइबर ठगों तक पर कसा शिकंजा

महिला सुरक्षा से लेकर अंतरराज्यीय गिरोहों के सफाए तक बड़ी सफलता, नशे के नेटवर्क, लूट, झपटमारी, एटीएम ठगी और वाहन चोर गिरोहों का पर्दाफाश; ई-इन्वेस्टिगेशन में भी प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हुआ जबलपुर

सुनील सेन। SET NEWS, जबलपुर। वर्ष 2026 के पहले छह माह (1 जनवरी से 30 जून) में जबलपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण, तकनीकी पुलिसिंग और संगठित अपराध के विरुद्ध आक्रामक रणनीति के साथ अभियान चलाकर प्रदेश में प्रभावी पुलिसिंग की मिसाल पेश की है। पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय के नेतृत्व में संचालित ‘ऑपरेशन क्लीन-2026’ के तहत हत्या, लूट, झपटमारी, साइबर ठगी, वाहन चोरी, नकली सोना गिरोह, नशीले इंजेक्शन और गांजा तस्करी जैसे संगठित अपराधों पर लगातार प्रहार किए गए। साथ ही डिजिटल विवेचना और ई-एफआईआर व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार कर जबलपुर ने प्रदेश की अग्रणी श्रेणी में स्थान बनाया।

तकनीक बनी पुलिस की सबसे बड़ी ताकत-
जबलपुर पुलिस ने 650 विवेचकों को टैबलेट उपलब्ध कराकर ई-विवेचना को गति दी। इसके परिणामस्वरूप जिला ई-इन्वेस्टिगेशन में प्रदेश की टॉप-5 रैंकिंग में पहुंचा, जबकि सीसीटीएनएस रैंकिंग में 19वें स्थान से छलांग लगाकर छठा स्थान हासिल किया। ई-एफआईआर के प्रभावी क्रियान्वयन ने विवेचना को अधिक पारदर्शी, त्वरित और जवाबदेह बनाया।

महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण में सुधार-
वर्ष 2025 की तुलना में बलात्कार एवं पॉक्सो एक्ट के 17 मामलों (करीब 30 प्रतिशत) तथा छेड़छाड़ एवं पॉक्सो के 12 मामलों (करीब 29 प्रतिशत) में कमी दर्ज की गई। छह माह में 523 अवैध हथियार प्रकरण, जिनमें 34 फायरआर्म्स से जुड़े मामले शामिल हैं, दर्ज किए गए। आबकारी एक्ट के 3779, जुआ एक्ट के 318 प्रकरण दर्ज हुए, जबकि बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं में हजारों प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर अपराधियों पर अंकुश लगाया गया। आदतन अपराधियों के विरुद्ध 212 जिलाबदर तथा 14 राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) की कार्रवाई भी की गई।

नशे के नेटवर्क पर सबसे बड़ा प्रहार-
पुलिस ने 19 प्रकरणों में कार्रवाई कर 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 86.646 किलोग्राम गांजा, 41.035 ग्राम स्मैक, 8064 नशीले इंजेक्शन तथा लगभग 31.56 लाख कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए गए। बेलबाग और अधारताल थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दुर्गा पटेल, मोहम्मद आरिफ, अमजद खान, सैय्यद अशरफ अली उर्फ जीजा, सौरभ नामदेव और गोरीशंकर साहू को गिरफ्तार किया। आरोपियों से एविल और बुप्रेनॉर्फिन के लगभग 6600 नशीले इंजेक्शन, ई-रिक्शा और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच में अस्पतालों एवं सप्लाई चेन से जुड़े नेटवर्क के भी अहम सुराग मिले।

झपटमार, लुटेरे, हत्यारे और ठग सलाखों के पीछे-
मई-जून 2026 में अधारताल, बरगी, तिलवारा, माढ़ोताल, पनागर और ओमती क्षेत्रों में महिलाओं से झुमकी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए हिमांशु केवट (21), संतोष कोरी (25) तथा दो विधि-विवादित बालकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से 6 सोने की झुमकियां और लगभग 8 लाख कीमत की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। गोहलपुर पुलिस ने सूरज चौधरी और शक्ति उर्फ राहुल चौधरी को गिरफ्तार कर लगभग 5 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। युवक का अपहरण कर मारपीट, ऑनलाइन ट्रांसफर और लूट करने वाले गिरोह के ब्रजेश महतो, सुमित डुमार, सुमित उर्फ सचिन समुन्द्रे और संकेत राठौर भी गिरफ्तार किए गए। रांझी थाना क्षेत्र में वृद्धा पुष्पा शर्मा की अंधी हत्या का खुलासा करते हुए रामगोपाल मिश्रा उर्फ गोपाल को गिरफ्तार किया गया, जिसने चोरी के दौरान पहचान हो जाने पर हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया था।

नकली सोना, वाहन चोरी और एटीएम ठगी का खुलासा-
अंतरराज्यीय नकली सोना गिरोह के पन्नालाल राठौर, धर्मेंद्र, वीरेंद्र और रामादेवी को गिरफ्तार कर ₹1.55 करोड़ नकद, 84 ग्राम असली सोना, 20 किलो नकली सोने की गिन्नियां और 11 मोबाइल फोन जब्त किए गए। गिरोह इलाज और गड़ा धन दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करता था। माढ़ोताल पुलिस ने राकेश श्रीवास और राजेश साहू को गिरफ्तार कर 15 चोरी के दोपहिया वाहन (लगभग 15 लाख कीमत) बरामद किए, जिनमें रायपुर (छत्तीसगढ़) से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल थीं।

प्रयागराज से दबोचे सराफा लूट के आरोपी-
गोरखपुर, कैंट, ओमती और बेलबाग पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले विनोद गौतम को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 66 एटीएम कार्ड, जुपिटर स्कूटी, 5,500 नकद, सोने की झुमकी तथा 3.68 लाख की ठगी की राशि होल्ड कराई गई। वहीं पनागर में दिसंबर 2025 की सराफा लूट का खुलासा करते हुए दीपक त्रिपाठी (प्रयागराज) और गोविंद पांडे को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से 750 ग्राम सोने के आभूषण, 1104 ग्राम चांदी, 1 लाख नकद, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए।

खितौला बैंक डकैती में बड़ी कामयाबी, फरार अंतरराज्यीय डकैतों तक बिहार में शिकंजा-
पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय के नेतृत्व में जबलपुर पुलिस ने वर्ष 2026 में खितौला स्थित ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में 11 अगस्त 2025 को हुई करीब 14.800 किलोग्राम सोने के जेवरात और 5 लाख की डकैती के मामले में लगातार बड़ी सफलताएं हासिल कीं। क्राइम ब्रांच, थाना खितौला और बिहार एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में चार राज्यों में वांछित मुख्य आरोपी सुनील पासवान को गया (बिहार) से गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर 750 ग्राम सोना (कीमत लगभग 1.25 करोड़) बरामद किया गया। इसके बाद चंचल पासवान और छोटू उर्फ सरमन मेहतो को भी गिरफ्तार कर 350 ग्राम सोना (लगभग 60 लाख) तथा वारदात में प्रयुक्त 7.65 एमएम बोर की देशी पिस्टल जब्त की गई। अब तक इस चर्चित बैंक डकैती में 1.100 किलोग्राम से अधिक लूटा गया सोना बरामद कर लिया गया है। यह कार्रवाई आधुनिक तकनीक, सटीक खुफिया तंत्र और अंतरराज्यीय समन्वय के दम पर जबलपुर पुलिस की प्रभावी एवं पेशेवर अपराध जांच का उल्लेखनीय उदाहरण मानी जा रही है।

संपत उपाध्याय, पुलिस कप्तान, जबलपुर
पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराधों की रोकथाम, तकनीक आधारित विवेचना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना भी है। आधुनिक तकनीक, खुफिया तंत्र और अंतरराज्यीय समन्वय के माध्यम से जबलपुर पुलिस आगे भी संगठित अपराध और नशे के नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगी।

Related Articles

Back to top button