दोस्ती की मिली खौफनाक सजा: जबलपुर में बीच-बचाव करने गए युवक पर चाकू से जानलेवा हमला
दोस्ती की मिली खौफनाक सजा: जबलपुर में बीच-बचाव करने गए युवक पर चाकू से जानलेवा हमला

जबलपुर। संस्कारधानी के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में दोस्ती निभाने की एक ऐसी खौफनाक सजा मिली जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। पंडा की मड़िया इलाके में एक युवक को अपने दोस्त की जान बचाना उस वक्त भारी पड़ गया, जब हमलावरों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतारने की कोशिश की। इस खूनी संघर्ष में पिता-पुत्र की जोड़ी ने मिलकर सरेराह युवक पर जानलेवा हमला किया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
दोस्त को बचाने पहुंचा था पीड़ित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक अपने दोस्त अर्जुन चक्रवर्ती के साथ भोजन कर रहा था। इसी दौरान बाहर अचानक शोर-शराबे और गाली-गलौज की आवाजें सुनाई देने लगीं। जब युवक ने देखा कि उसका दोस्त मुसीबत में है और कुछ लोग उसके साथ विवाद कर रहे हैं, तो वह निहत्थे ही उसे बचाने के लिए बाहर दौड़ा। उसे अंदाजा भी नहीं था कि बाहर मौत उसका इंतजार कर रही है।
बाप-बेटे अन्य साथियों ने मिलकर किया हमला
जैसे ही युवक बीच-बचाव करने पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे मुख्य आरोपी सौरभ चक्रवर्ती उर्फ ‘बुचरा’ ने अपना आपा खो दिया। सौरभ ने आव देखा न ताव और युवक के पेट व शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हैरान करने वाली बात यह रही कि इस हिंसक वारदात में सौरभ के पिता गब्बर चक्रवर्ती ने अपने बेटे को रोकने के बजाय उसका साथ दिया। गब्बर ने घायल युवक के चेहरे पर जमकर प्रहार किए, जिससे युवक लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा।
अस्पताल में भर्ती, आरोपियों की तलाश जारी
वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही संजीवनी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आरोपी सौरभ और उसके पिता गब्बर चक्रवर्ती और उसके अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, ताकि उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।



