Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

नशे के सौदागरों पर TI नीलेश दोहरे का शिकंजा! राहर की फसल के बीच गांजे की खेती का भंडाफोड़, बरगी पुलिस ने 7 किलो 200 ग्राम गांजा किया जब्त

जबलपुर। खेतों में राहर की फसल और उसके बीच छिपाकर गांजे की खेती! नशे के अवैध कारोबारियों ने पुलिस से बचने के लिए भले ही नया तरीका अपनाया हो, लेकिन बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे की सतर्कता के आगे आरोपी की चाल काम नहीं आई। मुखबिर से मिली सूचना पर बरगी पुलिस टीम ने ग्राम सिलुआ रमनपुर में दबिश देकर गांजे की अवैध खेती का खुलासा किया। पुलिस ने मौके से 12 गांजे के पौधे उखाड़कर कुल 7 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर TI नीलेश दोहरे ने बिछाया कार्रवाई का जाल,
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सिलुआ रमनपुर निवासी सुम्मेरा गौंड (50 वर्ष) अपने खेत में राहर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। खेत की तलाशी लेने पर ढाई से सात फीट तक ऊंचे गांजे के 12 पौधे मिले। पुलिस ने सभी पौधों को उखाड़कर जब्त किया।

नशे की खेती पर बरगी पुलिस का सीधा प्रहार,
आरोपी सुम्मेरा गौंड के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। राहर की फसल की आड़ में गांजे की खेती करने का यह मामला बताता है कि नशे का अवैध कारोबार किस तरह ग्रामीण इलाकों तक पहुंच रहा है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर सकती है कि आरोपी गांजे की खेती किस उद्देश्य से कर रहा था और इसके पीछे कोई खरीददार या नेटवर्क सक्रिय था या नहीं।

SP सम्पत उपाध्याय के निर्देश, अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई,
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-3 मनीष भारद्वाज तथा नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में बरगी पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों के निर्देश और थाना प्रभारी की सक्रियता से खेत में छिपाई गई नशे की खेती का पर्दाफाश हुआ।

TI नीलेश दोहरे की टीम की अहम भूमिका,
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीलेश दोहरे के साथ उपनिरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक आलोक सिंह, प्रधान आरक्षक प्रभुदयाल डेहरिया तथा आरक्षक मिथलेश, सुधीर और उमाशंकर डेहरिया की सराहनीय भूमिका रही।

नशे के कारोबारियों के लिए साफ संदेश,
बरगी पुलिस की इस कार्रवाई ने नशे की अवैध खेती करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया है कि फसल की आड़ में गांजा उगाकर कानून से बचना आसान नहीं है। पुलिस की निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से ऐसे मामलों पर कार्रवाई जारी रहेगी। TI नीलेश दोहरे और उनकी टीम की यह कार्रवाई नशे के खिलाफ अभियान में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles