IndiaJabalpurLatest NewsMP

नशे से नई जिंदगी तक का सफर! जबलपुर पुलिस की अनूठी पहल, 100 से ज्यादा युवाओं को मैहर दर्शन का सम्मान

नशे से नई जिंदगी तक का सफर! जबलपुर पुलिस की अनूठी पहल, 100 से ज्यादा युवाओं को मैहर दर्शन का सम्मान

जबलपुर में नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। जबलपुर पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत नशे की लत छोड़कर सामान्य जीवन में लौटे 100 से अधिक युवाओं को सम्मानपूर्वक मां शारदा धाम, मैहर के दर्शन के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला और एडिशनल एसपी ग्रामीण एवं सीएसपी महादेव नागोतिया की मौजूदगी ने इस अभियान को और भी खास बना दिया।

मध्यप्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप “सुरक्षित और समृद्ध समाज” के संकल्प के साथ जबलपुर पुलिस लगातार नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान चला रही है। इसी कड़ी में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत नशा छोड़ चुके 100 से अधिक युवाओं को धार्मिक एवं प्रेरणादायक यात्रा के रूप में मैहर स्थित मां शारदा मंदिर भेजा गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। उन्होंने कहा कि जो युवा नशे जैसी बुराई को छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटे हैं, वे आज के समय के वास्तविक प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से बचाकर उन्हें सुरक्षित भविष्य देना भी है। उन्होंने कहा कि जबलपुर इस दिशा में पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल बन रहा है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि जबलपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक बदलाव की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नशा छोड़कर लौटे युवाओं को सम्मानित करना इस बात का संदेश है कि समाज उन्हें स्वीकार करने और नई शुरुआत का अवसर देने के लिए तैयार है।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला ने विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। वहीं एडिशनल एसपी ग्रामीण एवं सीएसपी महादेव नागोतिया ने अपने ओजस्वी गीतों और प्रेरक संदेशों से उपस्थित युवाओं में नया उत्साह भर दिया।

इस अवसर पर साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, गोरखपुर थाना प्रभारी, ग्वारीघाट चौकी प्रभारी, संजीवनी नगर थाना प्रभारी सहित पुलिस और प्रशासन के अनेक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों और नागरिकों को जीवनभर किसी भी प्रकार का नशा न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई।

नशा छोड़ चुके युवाओं को सम्मान देकर जबलपुर पुलिस ने यह संदेश दिया है कि सही राह पर लौटने वाले हर व्यक्ति का समाज में सम्मान है। “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान अब केवल पुलिस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे समाज को नशामुक्त बनाने का जनआंदोलन बनता दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Back to top button