Latest News

हमलावर बेखौफ, कर्मचारी दहशत में! कार्रवाई की मांग को लेकर पेट्रोल पंप संचालकों ने एसपी का खटखटाया दरवाजा

हमलावर बेखौफ, कर्मचारी दहशत में! कार्रवाई की मांग को लेकर पेट्रोल पंप संचालकों ने एसपी का खटखटाया दरवाजा

 

 

जबलपुर में पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। घमापुर थाना क्षेत्र स्थित गौतम पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों पर हुए कथित जानलेवा हमले के बाद जबलपुर पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है।

 

एसोसिएशन के अनुसार, 25 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे गौतम पेट्रोल पंप पर ड्यूटी कर रहे मैनेजर और पंप अटेंडेंट पर साहिल सोनकर और लखी सोनकर ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि हमले के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

इतना ही नहीं, एसोसिएशन का दावा है कि अगले दिन भी आरोपियों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को धमकाया, जिससे वे दहशत में हैं। इसी को लेकर शहर के पेट्रोल पंप संचालकों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और कहा कि यदि आरोपियों पर जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारियों की सुरक्षा खतरे में बनी रहेगी।

ज्ञापन में पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि साहिल सोनकर और लखी सोनकर को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही शहर के सभी पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

एसोसिएशन ने चेतावनी भी दी है कि यदि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो शहर के सभी पेट्रोल पंप संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

 

पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर हुए इस कथित हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है कि आरोपियों साहिल सोनकर और लखी सोनकर के खिलाफ कब तक सख्त कानूनी कदम उठाए जाते हैं और कर्मचारियों में सुरक्षा का भरोसा कैसे बहाल किया जाता है।

Related Articles

Back to top button