Latest News
पुराने बकायादारों पर बिजली विभाग का फोकस, वसूली के लिए विशेष अभियान, 39 हजार से अधिक स्थायी विच्छेदित उपभोक्ता चिन्हित, 19.50 करोड़ बकाया
पुराने बकायादारों पर बिजली विभाग का फोकस, वसूली के लिए विशेष अभियान, 39 हजार से अधिक स्थायी विच्छेदित उपभोक्ता चिन्हित, 19.50 करोड़ बकाया

जबलपुर। शहर में बिजली विभाग ने वर्षों पुराने स्थायी रूप से विच्छेदित (परमानेंट डिस्कनेक्टेड) कनेक्शनों से बकाया राशि वसूलने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में शनिवार को शहर के पांचों संभागों में एक साथ कार्रवाई की जाएगी। विभाग ऐसे उपभोक्ताओं तक पहुंच बना रहा है, जिनके कनेक्शन पहले ही काटे जा चुके हैं, लेकिन बकाया राशि अब तक जमा नहीं की गई है।
कम राशि में हो चुके निपटारा-
विभागीय जानकारी के अनुसार पिछले तीन दिनों से शहरभर में ऐसे बकायादारों के रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं। इस प्रक्रिया में कुल 39,018 उपभोक्ता चिन्हित किए गए हैं, जिन पर लगभग 19.50 करोड़ रुपये बकाया है। इन उपभोक्ताओं को शासन की समाधान योजना के तहत सरचार्ज में छूट का लाभ भी दिया जा रहा है, जिससे वे कम राशि में बकाया निपटा सकें।
2.60 करोड़ रुपये बकाया दर्ज-
संभागवार आंकड़ों में शहर संभाग पूर्व में 10,778 उपभोक्ताओं पर 4.89 करोड़, उत्तर संभाग में 6,362 उपभोक्ताओं पर 4.59 करोड़, दक्षिण संभाग में 8,364 उपभोक्ताओं पर 4.89 करोड़, विजयनगर में 4,853 उपभोक्ताओं पर 2.24 करोड़ तथा पश्चिम संभाग में 8,661 उपभोक्ताओं पर 2.60 करोड़ रुपये बकाया दर्ज है।
एसई बोले जुटा रहे जानकारी-
अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा के निर्देशन में विभागीय टीमों द्वारा मीटर रीडरों और लाइन कर्मचारियों के सहयोग से बकायादारों की वर्तमान स्थिति और लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। इसके साथ ही जीआईएस टैगिंग और सर्वे एप के माध्यम से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
वसूली के साथ होगी राहत-
अभियान के प्रारंभिक परिणाम भी सामने आए हैं, जिनमें कई उपभोक्ताओं से बकाया राशि वसूल की गई है और उन्हें सरचार्ज में राहत दी गई है। विभाग का कहना है कि इस पहल से जहां लंबित राजस्व की वसूली होगी वहीं उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी।



