पैसों के विवाद में खूनी खेल! दो सगे भाइयों ने लाठी-डंडों से पीटकर मजदूर की हत्या, वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार
पैसों के विवाद में खूनी खेल! दो सगे भाइयों ने लाठी-डंडों से पीटकर मजदूर की हत्या, वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार

जबलपुर। जिले के बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम मनखेड़ी में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव में रहने वाले दो सगे भाइयों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अशोक उइके के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी लालू नेताम और दिनेश नेताम, दोनों निवासी ग्राम मनखेड़ी, ने अशोक उइके पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस वारदात के बाद पूरे मनखेड़ी गांव में दहशत और शोक का माहौल है।



