फरार आरोपियों पर शिकंजा, जबलपुर पुलिस अधीक्षक ने घोषित किया ईनाम
फरार आरोपियों पर शिकंजा, जबलपुर पुलिस अधीक्षक ने घोषित किया ईनाम

जबलपुर में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न गंभीर प्रकरणों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी पर नगद ईनाम की उद्घोषणा की गई है। यह ईनाम उन व्यक्तियों को दिया जाएगा जो आरोपियों को गिरफ्तार करेंगे या उनकी गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण सूचना अथवा सहयोग प्रदान करेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों की जानकारी देने वालों का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस का मानना है कि इस कदम से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी आएगी और कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
गोहलपुर थाना क्षेत्र के अपराध क्रमांक 377/26, धारा 109(1), 140(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत पांच आरोपी लंबे समय से फरार हैं। इनमें मोहित उर्फ भग्गू चौधरी (निवासी अमखेरा गोहलपुर), रंजीत उर्फ साकेत चौधरी (निवासी जीना मोहल्ला हनुमानताल), लक्की उर्फ निशांत चौधरी (निवासी रद्दी चौकी गोहलपुर), करण ठाकुर (निवासी श्री सनी मंदिर के पास अधारताल) तथा अखिल कश्यप शामिल हैं। इन सभी पर गिरफ्तारी के लिए 10-10 हजार रुपये का नगद ईनाम घोषित किया गया है।
इसी तरह पनागर थाना क्षेत्र के अपराध क्रमांक 1298/25, धारा 119(1), 296(1), 115(2), 118(1), 351(2) के मामले में फरार आरोपी मोनू पटेल (पिता रामकिशोर पटेल, निवासी ग्राम जुनवानी पनागर) पर 4 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इन फरार आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में फरार आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।



