Latest News

जंगल में कच्ची शराब का अड्डा बेनकाब, चरगवां पुलिस की बड़ी कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

जंगल में कच्ची शराब का अड्डा बेनकाब, चरगवां पुलिस की बड़ी कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। ग्रामीण और जंगल क्षेत्रों में छिपकर चल रहे कच्ची शराब के कारोबार पर अब पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। ताजा मामला चरगवां थाना क्षेत्र के हीरापुर जंगल का है, जहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर एक आरोपी को भारी मात्रा में कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी जंगल में शराब छिपाकर बिक्री की तैयारी कर रहा था।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चरगवां थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

थाना प्रभारी सरोजनी टोप्पो चौकसे ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हीरापुर के जंगल में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में कच्ची शराब प्लास्टिक के कुप्पों में भरकर बेचने के लिए छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।

पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा, जिसके पास चार बड़े प्लास्टिक कुप्पे रखे हुए थे। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बटन परस्ते, उम्र 35 वर्ष, निवासी इमझर बताया। जब पुलिस ने कुप्पों की जांच की तो उनमें करीब 60 लीटर कच्ची शराब भरी मिली। बरामद शराब की कीमत लगभग 6 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने मौके पर ही शराब जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हालत में पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।

इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक भगवत पटेल, अभिषेक कौरव और राहुल भारती की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर अवैध शराब कारोबारियों के मंसूबों पर पानी फिर गया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह कच्ची शराब कहां से लाता था और इस कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Related Articles

Back to top button