Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

बेखौफ झपटमारों का आतंक! माढ़ोताल थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े राष्ट्रीय खिलाड़ी से मोबाइल झपटकर फरार हुए तीन बदमाश

सरेराह मोबाइल झपटकर फरार हुए बदमाश! माढ़ोताल थाना क्षेत्र में बढ़ती झपटमारी से लोगों में दहशत, पुलिस के सामने सुरक्षा पर सवाल

जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दिनदहाड़े एक राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी से तीन बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, अनुज रत्न प्रभा, जो राष्ट्रीय स्तर के शूटिंग खिलाड़ी हैं, देहरादून से जबलपुर पहुंचे थे। वे दीनदयाल बस स्टैंड से पैदल दमोह नाका की ओर जा रहे थे और मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी पीछे से काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आए और बीच में बैठे युवक ने उनका मोबाइल झपट लिया। इसके बाद तीनों आरोपी तेज रफ्तार में फरार हो गए।

 

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आम लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि माढ़ोताल थाना क्षेत्र में झपटमारी और चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे राहगीरों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

 

पीड़ित की शिकायत पर माढ़ोताल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

दिनदहाड़े राष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ हुई यह झपटमारी शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। अब देखना होगा कि माढ़ोताल थाना पुलिस इन झपटमारों को कितनी जल्दी गिरफ्तार कर पाती है और क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगा पाता है।

Related Articles

Back to top button