Daily News UpdatesLatest NewsMP

LIVE अपडेट्स मध्यप्रदेश:भोपाल में BJP मंडलाध्यक्ष पर FIR, ठेले वाले की पिटाई का आरोप; शिवपुरी में पुलिस की बोलेरो से टकराकर ट्रैक्टर के दो हिस्से हुए

भोपाल पुलिस ने भाजपा के MP नगर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह पर मारपीट का मामला दर्ज किया है। आरोपी ने गन्ने की चरखी लगाने वाले विजय यादव के साथ 25 मार्च को मारपीट की थी। विजय ने पुलिस को बताया कि वह MP नगर में शराब दुकान के पास गन्ने की चरखी लगाता है। 24 मार्च को उसका ठेला नगर निगम का अतिक्रमण अमला उठा ले गया था। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कहने पर ठेला वापस मिल गया। 25 मार्च को राजेंद्र सिंह ठेले के पास पहुंचा। उसने धमकाया कि तुम मेरे बिना मदद के ठेले को नगर निगम से कैसे लेकर आ गए। उसके साथ मारपीट की।

शिवपुरी में पुलिस की बोलेरो से टकराकर ट्रैक्टर के दो हिस्से हुए

शिवपुरी के खरई कोटा फोरलेन हाईवे पर तेंदुआ पुलिस थाने की बोलेरो और ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए। बोलेरो का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रैक्टर ड्राइवर समेत तेंदुआ थाना प्रभारी मुकेश दुबेलिया और आरक्षक घायल हुए हैं। बंटी धाकड़ ट्रैक्टर लेकर खरई की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर के पीछे तेंदुआ थाना पुलिस की बोलेरो आ रही थी। अचानक बंटी ने ट्रैक्टर की स्टेयरिंग खरई गांव की ओर मोड़ दी। पीछे आ रही बोलेरो ट्रैक्टर में घुस गई।

आज पूरा होगा 5 लाख 21 हजार परिवारों का अपने घर का सपना, PM मोदी कराएंगे गृहप्रवेश

मध्यप्रदेश में आज पांच लाख से ज्यादा परिवारों को अपनी छत मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 लाख 21 हजार लोगों को ‘गृह प्रवेशम’ कराएंगे। PM मोदी आवास योजना ग्रामीण के तहत बनाए गए घरों को वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए लाभार्थियों को देंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री लोगों को संबोधित भी करेंगे।

प्रधानमंत्री आवास योजना क्या है?
एक अप्रैल, 2016 में प्रधानमंत्री आवास योजना की शुरुआत हुई थी। मध्यप्रदेश में अभी तक इस योजना में 24 लाख से अधिक आवास बनाए जा चुके हैं। योजना का लक्ष्य 2024 तक सभी पात्र बेघर परिवारों एवं कच्चे और टूटे मकानों में रह रहे परिवारों के लिए पक्के घर बनवाना है।

Related Articles

Back to top button