Latest News

राजश्री से शुरू हुआ विवाद, पुरानी रंजिश ने लिया खूनी मोड़: जबलपुर में बढ़ती चाकूबाजी से दहशत

राजश्री से शुरू हुआ विवाद, पुरानी रंजिश ने लिया खूनी मोड़: जबलपुर में बढ़ती चाकूबाजी से दहशत

जबलपुर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बीते 24 घंटों में शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चाकूबाजी की घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली कहासुनी और पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर जानलेवा हमले किए गए।

पहली घटना अधारताल थाना क्षेत्र के करौंदा स्थित दुर्गा मंदिर के पास की है। यहां ऋषि नगर निवासी 24 वर्षीय विक्की उर्फ रिंकू यादव पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल विक्की के मुताबिक रास्ते में उसके परिचित शानू केवट और नीरज केवट मिले, जिन्होंने उससे राजश्री मांगी। जब उसने राजश्री नहीं होने की बात कही तो दोनों गाली-गलौज पर उतर आए। विरोध करने पर मारपीट शुरू हो गई और नीरज केवट ने चाकू निकालकर विक्की की छाती, जांघ और हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। घायल अवस्था में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

वहीं दूसरी घटना रांझी थाना क्षेत्र के पुराना शोभापुर की है। यहां 38 वर्षीय ठेकेदार पुष्पेन्द्र रजक पर पुरानी रंजिश को लेकर हमला किया गया। लखन किराना स्टोर्स के सामने खड़े पुष्पेन्द्र के साथ प्रवीण रजक, पवन रजक और देबू अन्ना ने पहले गाली-गलौज की। विरोध करने पर पवन और देबू ने उसे पकड़ लिया, जबकि प्रवीण रजक ने बटनदार चाकू से पेट पर हमला करने की कोशिश की। पुष्पेन्द्र ने बचाव किया, लेकिन चाकू उसकी जांघ के ऊपर जा लगा, जिससे वह घायल हो गया।

इन दोनों घटनाओं ने शहर में बढ़ती चाकूबाजी की गंभीर तस्वीर सामने ला दी है। सवाल यह है कि आखिर मामूली विवादों में लोग इतनी आसानी से चाकू कैसे निकाल लेते हैं? क्या अपराधियों में कानून का डर खत्म हो चुका है? आए दिन हो रही ऐसी वारदातें आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर रही हैं।

पुलिस ने दोनों मामलों में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि शहर में ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई की तत्काल जरूरत है, ताकि जबलपुर की सड़कों पर फैल रहे चाकू के आतंक पर लगाम लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button