रानीताल में चोरी की वारदातों पर उबाल: पार्षद और थाना प्रभारी के बीच तीखी नोकझोंक, VIDEO वायरल
रानीताल में चोरी की वारदातों पर उबाल: पार्षद और थाना प्रभारी के बीच तीखी नोकझोंक, VIDEO वायरल

जबलपुर के रानीताल क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को लेकर अब जनता का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। कांग्रेस पार्षद संतोष दुबे पांडा और लार्डगंज थाना प्रभारी के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब तीन दिन पुराना है।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से नाराज होकर कांग्रेस नेता संतोष दुबे पांडा स्थानीय नागरिकों के साथ लार्डगंज थाना पहुंचे थे। इस दौरान लोगों ने पुलिस के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रानीताल इलाके में ग्रिल, बेंच, एलईडी पोल, यहां तक कि घरों और मंदिरों तक को चोरों ने निशाना बनाया है। बावजूद इसके पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है।
लोगों का कहना है कि उन्होंने कई घटनाओं के CCTV फुटेज भी पुलिस को सौंपे हैं, लेकिन न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हो रही है और न ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर थाना प्रभारी और पार्षद के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि माहौल गरमा गया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जनता पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है और सुरक्षा को लेकर चिंता जता रही है। वहीं थाना प्रभारी अपनी ओर से स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
फिलहाल, क्षेत्रीय लोगों की मांग है कि चोरी की घटनाओं की जल्द जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और इलाके में नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता में सुरक्षा का भरोसा बहाल हो सके।



