Latest News

वायरल रील का खौफनाक अंत: 120 की रफ्तार में स्टंट बना मौत का खेल, 3 युवकों की गई जान

वायरल रील का खौफनाक अंत: 120 की रफ्तार में स्टंट बना मौत का खेल, 3 युवकों की गई जान

SET NEWS जबलपुर: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर रील बनाने के जुनून और सड़क सुरक्षा की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार बाइक स्टंट और वीडियो बनाने की सनक ने तीन युवकों की जान ले ली, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना 14 अप्रैल की बताई जा रही है, जिसका अब सामने आया वीडियो पूरे हादसे की भयावहता को साफ दिखाता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पल्सर 220 बाइक पर सवार युवक बेहद तेज रफ्तार में सड़क पर स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान वे पिस्टल जैसे दिखने वाले लाइटर हाथ में लेकर रील बना रहे थे और खुद को फिल्म करवा रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक, उनके पीछे चल रही दूसरी बाइक से पूरा स्टंट रिकॉर्ड किया जा रहा था। दोनों वाहन 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रहे थे। युवक लगातार ट्रकों के बीच से बाइक निकालने और ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे, जो जानलेवा साबित हुआ।
इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार उपलक्ष उर्फ शुभम कोल (17), अमरीश कोल (22) और हेमराज कोल (17) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार प्रशांत द्विवेदी (19) और प्रदीप द्विवेदी (17) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुछ ही सेकंड में यह पूरा हादसा घटित हो गया और रील बनाने की कोशिश एक दर्दनाक अंत में बदल गई। वीडियो में साफ दिखता है कि तेज रफ्तार के कारण युवकों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए जान जोखिम में डालना कितना घातक हो सकता है। तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं, और पीछे रह गया सिर्फ दर्द और सबक।

Related Articles

Back to top button