शराब के नशे में मौत की रफ्तार! कछपुरा ब्रिज पर डिवाइडर से टकराई कार, बड़ा हादसा टला
शराब के नशे में मौत की रफ्तार! कछपुरा ब्रिज पर डिवाइडर से टकराई कार, बड़ा हादसा टला

जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के कछपुरा ब्रिज पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। शराब के नशे में तेज रफ्तार से कार चला रहा चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के समय ब्रिज पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बेहद तेज रफ्तार में थी। चालक कथित तौर पर शराब के नशे में था, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। जोरदार टक्कर से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई राहगीर या अन्य वाहन कार की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
घटना की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया और चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है।
एक बार फिर यह घटना साबित करती है कि शराब पीकर वाहन चलाना केवल चालक ही नहीं, बल्कि सड़क पर चल रहे हर व्यक्ति की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।



