जबलपुर में गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक! 10 किलो 217 ग्राम गांजा जब्त, तीन गिरफ्तार—CSP अखिलेश गौर की कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा

जबलपुर। अवैध गांजे के कारोबार के खिलाफ यादव कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 किलो 217 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किया। अब पुलिस की जांच का दायरा कथित तस्करी नेटवर्क तक पहुंच गया है।
रेलवे पटरी के पास संदिग्ध युवक, तलाशी में खुला मामला,
पुलिस के मुताबिक, जीरो डिग्री से कछपुरा गणेश नगर की ओर रेलवे पटरी के किनारे तीन युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे मिले। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा। पंचों की मौजूदगी में बैगों की तलाशी लेने पर खाकी टेप में लिपटे पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा था। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर कुल 10 किलो 217 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
तीन आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और अन्य सामान भी जब्त,
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल मांझी, समीर बर्मन और प्रकाश रजक उर्फ छोटू के रूप में हुई है। CSP अखिलेश गौर के अनुसार, निखिल और समीर के संयुक्त कब्जे से 5 किलो 143 ग्राम, जबकि प्रकाश रजक के कब्जे से 5 किलो 74 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन, ट्रेन टिकट, बैग और 500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
ओडिशा से खेप लाने का खुलासा, पनागर कनेक्शन की जांच,
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर मोंटी शर्मा, निवासी पनागर, के कहने पर कमीशन लेकर ओडिशा के हरिशंकर रोड से गांजे की खेप लाने की बात बताई है। पुलिस अब इस दावे की पुष्टि करने और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। CSP अखिलेश गौर के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



