स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशे के कारोबार पर चलेगा बुलडोजर! कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने गठित किए विशेष दल
स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशे के कारोबार पर चलेगा बुलडोजर! कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने गठित किए विशेष दल

जबलपुर में अब स्कूल, कॉलेज और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास पान, गुटखा, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर जिलेभर में विशेष संयुक्त दलों का गठन किया गया है।
इन विशेष दलों का नेतृत्व अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) करेंगे। दल में एसडीओपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी, स्वास्थ्य विभाग, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, जनपद पंचायत के सीईओ, नगर निगम अधिकारी, आबकारी निरीक्षक, औषधि निरीक्षक, श्रम निरीक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया है, ताकि संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन के निर्देश के अनुसार सभी दल अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों के आसपास संचालित पान-गुटखा, तंबाकू और शराब की दुकानों का निरीक्षण करेंगे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दुकानों को हटाने और संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्रवाई केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि उसका प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई दे। सभी दलों को अभियान की नियमित रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का मानना है कि शिक्षण संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की उपलब्धता युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे में यह अभियान बच्चों और युवाओं के लिए सुरक्षित एवं नशामुक्त वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



