Crime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर में पुलिसकर्मी के घर में घुसे 3 चोर, 24 मिनट में लाखों की चोरी,

पहले माना जाता था कि चोरों में पुलिस का डर होता है और वे पुलिस से दूरी बनाकर ही वारदात करते हैं। लेकिन अब यह धारणा बदलती नजर आ रही है। आम नागरिक ही नहीं, अब चोर पुलिसकर्मियों के घरों को भी निशाना बनाने लगे हैं। ऐसा ही एक दुस्साहसिक मामला जबलपुर में सामने आया है।

पुलिस की गश्त पर उठे सवाल :
बताया जा रहा है कि तिलवारा पुलिस थाने के अंतर्गत लगातार चोरी के मामले सामने आ रहे है वही चोरों ने यातायात थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक के बेटे के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। देर रात चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवर व नगदी पार कर दी। गहनों की कीमत लाखों में बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र में नियमित गश्त होती, तो इस घटना को रोका जा सकता था। उनका आरोप है कि पुलिस केवल मुख्य सड़कों पर सायरन बजाते हुए निकल जाती है, लेकिन कॉलोनियों के अंदर गश्त नहीं करती, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।

24 मिनट में घर किया साफ :
घटना तिलवारा थाना क्षेत्र की अर्नव विहार कॉलोनी की है। जिस समय चोरी हुई, उस वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। चोरों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि तीनों चोरों ने महज 24 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।

करीब 80 लाख की चोरी :
पीड़ित राहुल मिश्रा ने बताया कि उनके पिता पी.डी. मिश्रा यातायात थाना मालवीय चौक में पदस्थ हैं। राहुल अपनी पत्नी के साथ रीवा गए हुए थे, तभी देर रात अज्ञात चोरों ने उनके घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।

सीसीटीवी में कैद हुए चोर :
सूचना मिलते ही तिलवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच के लिए फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि चोरों की हरकतें सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं, जिसके आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button