NEET एडमिशन के नाम पर ₹12 लाख की ठगी का पर्दाफाश! धनवंतरी नगर चौकी पुलिस ने साइबर ठग को दबोचा
NEET एडमिशन के नाम पर ₹12 लाख की ठगी का पर्दाफाश! धनवंतरी नगर चौकी पुलिस ने साइबर ठग को दबोचा

जबलपुर के संजीवनी नगर थाना अंतर्गत धनवंतरी नगर चौकी पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए NEET परीक्षा और एमएलबी कॉलेज, झांसी में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर ₹12 लाख की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सतर्कता, तकनीकी विवेचना और लगातार प्रयासों के बाद इस हाई-प्रोफाइल ठगी का खुलासा हुआ। इस कार्रवाई की शहरभर में चर्चा है।
फरियादी जतिन कोस्टा, निवासी गंगानगर, ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अज्ञात व्यक्ति ने मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिलाने का भरोसा देकर उससे ₹12 लाख की ऑनलाइन ठगी कर ली। शिकायत मिलते ही संजीवनी नगर थाना में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजैक्शन की बारीकी से जांच की।
पूरे मामले की विवेचना धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार मरावी के नेतृत्व में की गई। तकनीकी जांच और लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस टीम आरोपी की तलाश में गाजियाबाद तक पहुंची। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया, लेकिन धनवंतरी नगर चौकी पुलिस ने हार नहीं मानी और लगातार दबाव बनाए रखा।
पुलिस की सख्त कार्रवाई और लगातार बढ़ते दबाव के चलते आरोपी ने अंततः कानून के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसी तरीके से अन्य लोगों के साथ भी ठगी तो नहीं की गई है। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार मरावी, एएसआई हृदय नारायण पांडे, प्रधान आरक्षक दिलीप पाठक और आरक्षक सिद्धार्थ तिवारी, आरक्षक अरविंद रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्यों और लगातार फील्ड कार्रवाई के दम पर इस मामले का खुलासा किया।
धनवंतरी नगर चौकी पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ऑनलाइन ठगी करने वाले अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी दिखाएं, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकते। चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार मरावी और उनकी टीम की मुस्तैदी से लाखों रुपये की ठगी के मामले का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मेडिकल, इंजीनियरिंग या किसी भी अन्य कोर्स में एडमिशन के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर पैसे न दें और केवल अधिकृत माध्यमों से ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।



