Jabalpur

जबलपुर # श्रीराम कॉलेज के सहायक प्राध्यापक प्रमोद रजक को मिली पीएचडी की उपाधि, गणित में शोध से बढ़ाया कालेज का गौरव

सेटन्यूज़, जबलपुर। श्रीराम कॉलेज के गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक प्रमोद कुमार रजक ने उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, रायसेन (म.प्र.) से गणित (विज्ञान संकाय) विषय में डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (Ph.D.) की उपाधि प्राप्त की है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार उन्होंने अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद 19 जून 2026 को आयोजित वाइवा-व्होसे परीक्षा उत्तीर्ण की, जिसके उपरांत उन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।

डॉ. प्रमोद कुमार रजक ने “A Study of Existence and Uniqueness of Fixed Point” विषय पर अपना शोध कार्य पूर्ण किया। यह शोध गणित के फिक्स्ड प्वाइंट सिद्धांत से संबंधित है, जिसका उपयोग आधुनिक गणित के साथ-साथ विज्ञान, इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, अर्थशास्त्र और विभिन्न अनुसंधान क्षेत्रों में व्यापक रूप से किया जाता है। उनके शोध को गणित के क्षेत्र में महत्वपूर्ण एवं उपयोगी माना जा रहा है।

इस शोध कार्य का निर्देशन डॉ. भावना अग्रवाल ने किया, जबकि डॉ. संजीत कुमार सह-शोध निर्देशक रहे। दोनों विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में डॉ. रजक ने अपने शोध को सफलतापूर्वक पूरा किया।

डॉ. प्रमोद रजक की इस उपलब्धि पर श्री राम कॉलेज परिवार में खुशी का माहौल है। कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया। साथ ही उनके मित्रों, शुभचिंतकों एवं परिजनों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शिक्षाविदों का मानना है कि फिक्स्ड प्वाइंट सिद्धांत पर आधारित यह शोध भविष्य में गणित के शोधार्थियों के लिए उपयोगी संदर्भ साबित होगा तथा इस क्षेत्र में नए अनुसंधानों को भी दिशा प्रदान करेगा। डॉ. प्रमोद रजक की यह उपलब्धि न केवल श्री राम कॉलेज बल्कि जिले के लिए भी गौरव का विषय है, जो क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं शोध के प्रति प्रेरित करेगी।

Related Articles

Back to top button