Latest News
SP के निर्देशन में गोसलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: होटल में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, संचालक समेत 2 गिरफ्तार
SP के निर्देशन में गोसलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: होटल में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, संचालक समेत 2 गिरफ्तार

जबलपुर। पुलिस अधीक्षक संम्पत उपाध्याय के सख्त निर्देशन में गोसलपुर पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए होटल विरासत स्पा सेंटर में चल रहे देह व्यापार के गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में होटल संचालक सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पूरे मामले में पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ एक बार फिर सामने आई है।
थाना गोसलपुर में 21 अप्रैल 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल विरासत स्पा सेंटर का संचालक सुखदेव पटेल (34 वर्ष), निवासी ग्राम घुघरी अपने होटल में बाहर से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों को उपलब्ध कराता है और इस अवैध काम के जरिए मोटी रकम वसूल रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गाजीवती पुसाम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। पुलिस ने एक पंटर तैयार कर उसे होटल भेजा, जिसे पहले से हस्ताक्षरित 500 रुपये का एक नोट और 100-100 रुपये के दो नोट दिए गए। पंटर को निर्देश दिए गए कि सौदा तय होने पर इशारा करे।
जैसे ही पंटर का इशारा मिला, थाना प्रभारी गाजीवती पुसाम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और होटल में दबिश दी। काउंटर पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम सुखदेव पटेल बताया। तलाशी के दौरान काउंटर से पंटर को दिए गए हस्ताक्षरित नोट, कंडोम के पैकेट और एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
इसके बाद पुलिस ने होटल के कमरों की जांच की, जहां कमरा नंबर 2 में एक पुरुष और महिला संदिग्ध हालत में मिले। पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम रामजी पटेल (39 वर्ष), निवासी रामवार्ड देवरी पनागर बताया। महिला ने खुलासा किया कि उसे संचालक द्वारा जबलपुर से बुलाया जाता था और हर ग्राहक पर 500 रुपये दिए जाते थे।
एक अन्य कमरे में भी एक महिला मिली, जिसने बताया कि उसे भी इसी तरह ग्राहकों के लिए बुलाया जाता है। वहीं आरोपी ग्राहक रामजी पटेल ने भी स्वीकार किया कि वह लड़की के लिए होटल आया था और उसने संचालक को 700 रुपये दिए थे।
पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। इस पूरे मामले में आरोपी सुखदेव पटेल और रामजी पटेल के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 8 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
गोसलपुर पुलिस की इस सटीक और साहसिक कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को जनता भी सराह रही है, जिससे यह साफ है कि जबलपुर पुलिस अपराध और अवैध धंधों के खिलाफ पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही है।



