Latest News
जबलपुर में ओमती पुलिस की फुर्ती से चाकूबाज चोर गिरफ्तार, वारदात से पहले ही कसा शिकंजा
जबलपुर में ओमती पुलिस की फुर्ती से चाकूबाज चोर गिरफ्तार, वारदात से पहले ही कसा शिकंजा

जबलपुर के ओमती थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और तत्परता से एक संभावित बड़ी वारदात टल गई। एसी का कॉपर वायर चोरी कर भाग रहे आरोपी को न सिर्फ पकड़ा गया, बल्कि उसके पास से चाकू भी बरामद किया गया।
फरियादी आशीष कोटवानी (उम्र 38 वर्ष), निवासी एकता चौक विजयनगर ने थाना ओमती में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि भंवरताल गार्डन के पास स्थित उनके कार्यालय के पीछे की गली में एक युवक एसी के ब्लोअर से करीब 5 हजार रुपये का कॉपर वायर चोरी कर भाग रहा था।
आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे फरियादी और उनके बेटे ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, जिस दौरान आरोपी ने चाकू निकालकर हमला करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही ओमती पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरभ अरोरा, निवासी विक्टोरिया अस्पताल के पास को हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर वायर और चाकू बरामद किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है और क्षेत्र में सक्रिय अपराधी है। इसके बावजूद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पकड़कर एक बड़ी घटना होने से पहले ही रोक दिया।
थाना ओमती पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296(ए), 351(2), 303(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है।ओमती पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।



