Latest News
जबलपुर: शादी में खूनी झगड़ा, चाकू हमले में युवक घायल, आरोपी अब भी फरार, पाटन थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराध
शादी में खूनी झगड़ा, चाकू हमले में युवक घायल, आरोपी अब भी फरार, पाटन थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराध

जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुआ खूनी झगड़ा अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, लेकिन घटना के बाद भी आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
थाना पाटन में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, करमेता माढ़ोताल निवासी 36 वर्षीय बलराम विश्वकर्मा 20 अप्रैल 2026 की रात करीब 11:45 बजे ग्राम बिनैकी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। डीजे पर नाचने के दौरान लड़के पक्ष के सुभाष विश्वकर्मा और उसके साथियों से विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान जब बलराम ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो रामू और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। इसी दौरान रामू ने चाकू से वार कर बलराम के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धारा 296(बी), 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज तो कर लिया है, लेकिन घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपी फरार हैं, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस अगर समय पर कार्रवाई करती और आरोपियों की तलाश में तत्परता दिखाती, तो अब तक गिरफ्तारी हो सकती थी। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आ रही।
अब देखना होगा कि पाटन पुलिस आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है, या यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।



