आजादी के रंग खाकी के संग’—जबलपुर पुलिस की भव्य तिरंगा यात्रा, शहर में गूंजा देशभक्ति का संदेश
आजादी के रंग खाकी के संग’—जबलपुर पुलिस की भव्य तिरंगा यात्रा, शहर में गूंजा देशभक्ति का संदेश

जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर जबलपुर पुलिस ने शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में निकली इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाने और अपने घरों, दुकानों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करना रहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी की अगुवाई में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी वाहनों के साथ यात्रा में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा में रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य सहित जिला पुलिस और यातायात पुलिस बल मौजूद रहा। चार पहिया वाहनों पर ‘आजादी के रंग खाकी के संग’ और ‘हर घर तिरंगा’ के बैनर लगाए गए थे। देशभक्ति गीतों के बीच पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा लेकर लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश देते नजर आए।
यात्रा पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए माल गोदाम चौक, हाई कोर्ट चौक, पर्यटन तिराहा, नौदरा ब्रिज, तीन पत्ती, पुराना बस स्टैंड, गोरखपुर बाजार, गणेश चौक, पेंटी नाका, एंपायर तिराहा और पुल नंबर-2 होते हुए वापस पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंची।
पूरी यात्रा के दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल नजर आया। जबलपुर पुलिस ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान बनाए रखने की अपील की।



