हर घर तिरंगा अभियान में निकली भव्य बाइक रैली, 200 जवानों ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश
हर घर तिरंगा अभियान में निकली भव्य बाइक रैली, 200 जवानों ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

जबलपुर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश और सेनानी सिद्धार्थ चौधरी के निर्देशन में 6वीं प्रशिक्षण वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जबलपुर द्वारा हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली में वाहिनी के करीब 200 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
तिरंगा रैली रांझी और खमरिया क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर नागरिकों को घर-घर तिरंगा फहराने, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली का स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
सेनानी सिद्धार्थ चौधरी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल ध्वज फहराने तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति, एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करने का अभियान है। रैली के दौरान रांझी और खमरिया क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।



