आधारताल में आधी रात खूनी बवाल: दो पक्षों में तलवार-चाकू चले, गाड़ियों में तोड़फोड़ से मचा हड़कंप
आधारताल में आधी रात खूनी बवाल: दो पक्षों में तलवार-चाकू चले, गाड़ियों में तोड़फोड़ से मचा हड़कंप

जबलपुर के आधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तलवार, चाकू, डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में कई लोग घायल हो गए, जबकि घटनास्थल पर खड़े वाहनों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहले पक्ष से सुमित पटेल पिता नरेश पटेल (22) निवासी सुभाष नगर भड़पुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि संजय नगर स्थित एक मकान खरीदने को लेकर उसकी लल्ली पटेल से बातचीत चल रही थी। बातचीत के दौरान मोबाइल पर की जा रही मजाकिया गाली को लेकर गलतफहमी हुई और विवाद बढ़ गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि लल्ली पटेल, अनुज पटेल, आयुष पटेल, सावित्री पटेल समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि अनुज पटेल ने तलवार से हमला कर राहुल पटेल के सिर, माथे और हाथ में गंभीर चोट पहुंचाई। वहीं आयुष पटेल ने चाकू मारकर पंकज काछी को घायल कर दिया।
शिकायत के अनुसार लल्ली पटेल ने हाकी स्टिक से सुमित पटेल के सिर और पैर में हमला किया। मारपीट में संजय नगर निवासी सुमित पटेल, किस्सू पटेल, शिवचरण पटेल और राहगीर आदित्य सिंह भी घायल हुए। आदित्य सिंह मौके से गुजर रहे थे, लेकिन दोनों पक्षों की हिंसा की चपेट में आ गए।
हंगामे के दौरान आरोपियों ने कई दोपहिया वाहनों में भी तोड़फोड़ की। आदित्य सिंह की स्कूटी एक्सेस, सुमित पटेल की एचएफ डिलक्स और पंकज काछी की स्प्लेंडर बाइक को नुकसान पहुंचाया गया।
वहीं दूसरे पक्ष से रेणु उर्फ शकुंतला पटेल (23) निवासी भड़पुरा ने भी शिकायत दर्ज कराई है। रेणु ने बताया कि उसकी मामी सावित्री पटेल की किराना दुकान पर उसका भाई पियूष पटेल दुकान बंद कर रहा था, तभी सुमित पटेल और उसके साथी वहां पहुंचे और विवाद शुरू हो गया।
दूसरे पक्ष के मुताबिक सुमित पटेल पिता नरेश पटेल ने तलवार से हमला कर पियूष पटेल को घायल किया, जबकि सुमित पिता संतोष पटेल ने चाकू से हमला कर राजकुमार पटेल के पसली, हाथ और पैर में चोट पहुंचाई।
आधारताल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर बलवा, प्राणघातक हमला, मारपीट और तोड़फोड़ की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी घायलों का मेडिकल कराया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
फिलहाल घटना के बाद संजय नगर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।



