उधारी नहीं दी तो किराना दुकानदार दंपति पर हमला! डंडों से पीटकर नगदी लेकर फरार हुआ आरोपी
गढ़ा थाना क्षेत्र के झंडा चौक पुरवा की वारदात, घायल विनोद बर्मन और ललिता बर्मन ने सुनाई आपबीती; पुलिस ने शुरू की जांच।

संस्कारधानी जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र में एक मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया। झंडा चौक पुरवा स्थित एक किराना दुकान पर उधारी में सामान नहीं देने पर दबंगई का ऐसा मामला सामने आया, जिसमें दुकानदार दंपति पर डंडों से हमला कर दिया गया। इतना ही नहीं, आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान में रखी नगदी लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, विनोद बर्मन और उनकी पत्नी ललिता बर्मन अपने घर के पास किराना दुकान संचालित करते हैं। आरोप है कि क्षेत्र का रहने वाला सागर चक्रवर्ती दुकान पर पहुंचा और उधारी में सामान मांगने लगा। जब विनोद बर्मन ने उधारी देने से मना किया, तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ितों का आरोप है कि देखते ही देखते सागर चक्रवर्ती ने डंडा उठाकर पहले विनोद बर्मन पर हमला किया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी ललिता बर्मन को भी नहीं छोड़ा और उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप यह भी है कि मारपीट के बाद आरोपी दुकान में रखी नगदी लेकर फरार हो गया।
घटना में घायल ललिता बर्मन ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी पहले भी उधारी में सामान मांगता था। इस बार मना करने पर उसने गुस्से में आकर हमला कर दिया और दुकान का सामान बिखेरते हुए नगदी लेकर भाग गया।
घटना के बाद घायल विनोद बर्मन और ललिता बर्मन गढ़ा थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।
गढ़ा थाना पुलिस ने आरोपी सागर चक्रवर्ती के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



