Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

कट मारने से रोका तो चाकू मारा! मदनमहल में छात्र से सोने की चेन लूटकर फरार हुए बेखौफ बदमाश”

मदनमहल में अपराधियों के बुलंद हौसले! बीच सड़क छात्र पर चाकू से हमला, सोने की चेन लूटकर फरार

जबलपुर के मदनमहल थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला एक एमबीए छात्र पर हुए जानलेवा हमले और चेन लूट का है, जिसने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस के अनुसार, आदित्य सोनी (22 वर्ष) निवासी साठिया कुआ, सराफा वार्ड, कोतवाली ने बताया कि वह ग्लोबल कॉलेज से एमबीए की पढ़ाई कर रहा है। 19 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह एमएलबी रोड होते हुए अपने दोस्त से मिलने मदनमहल स्टेशन जा रहा था। रास्ते में एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल पर सवार युवक लापरवाही से वाहन चला रहे थे। जब आदित्य ने उन्हें सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी, तो पहले कहासुनी हुई और फिर कुछ ही देर बाद कथित रूप से स्कूटी सवार युवकों ने उसका पीछा किया।

गुलाब डोसा के सामने पहुंचते ही स्कूटी पर बीच में बैठे युवक ने चलते वाहन से आदित्य की बांह पर चाकू से हमला कर दिया, जबकि पीछे बैठे युवक ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद सभी आरोपी मदनमहल स्टेशन की ओर भाग निकले।

घायल आदित्य को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में ऐसी घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ रही है। लोगों का मानना है कि प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और निगरानी को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है, ताकि अपराधियों में कानून का डर बना रहे।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button