Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

गोहलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 शातिर चोर गिरफ्तार, 12 लाख का माल बरामद, 10 बाइक और 10 ई-रिक्शा बैटरियां जब्त

गोहलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 शातिर चोर गिरफ्तार, 12 लाख का माल बरामद, 10 बाइक और 10 ई-रिक्शा बैटरियां जब्त

जबलपुर पुलिस को अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोहलपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन शातिर वाहन चोर और तीन बैटरी चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 10 दुपहिया वाहन और 10 ई-रिक्शा बैटरियां बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई से शहर में वाहन चोरी और बैटरी चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ और सीएसपी उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रितेश पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आनंद नगर कॉलोनी क्षेत्र में चोरी की स्कूटी पर सवार कुछ युवक किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर मोहम्मद शादाब खान और फैजान खान को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने साथी शाहरुख खान उर्फ टूटी के साथ मिलकर शहर और आसपास के क्षेत्रों से दुपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 10 बाइक और स्कूटी बरामद की गईं।

जांच में यह भी सामने आया कि बरामद किए गए वाहन गोहलपुर, ग्वारीघाट, गोरखपुर, मदन महल, अधारताल, ओमती, रांझी थाना क्षेत्रों के अलावा कटनी जिले के सिलौड़ी क्षेत्र से चोरी किए गए थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। फैजान खान के खिलाफ पहले से लूट, चोरी और अवैध शराब से जुड़े 12 मामले दर्ज हैं, जबकि शाहरुख उर्फ टूटी के खिलाफ चोरी, मारपीट और अवैध हथियार सहित 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क और साथियों की भी जानकारी जुटा रही है।

इसी अभियान के दौरान गोहलपुर पुलिस ने ई-रिक्शा बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का भी पर्दाफाश किया। पुलिस ने संजीवनी अस्पताल, सूजी मोहल्ला और चौधरी मोहल्ला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मोहम्मद फैजल अंसारी, मोहम्मद इमरान और मोहम्मद अशफाक को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी की 10 ई-रिक्शा बैटरियां बरामद की गईं। पुलिस का मानना है कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी से बैटरी चोरी की कई घटनाओं का खुलासा होगा।

पुलिस ने सभी छह आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और चोरी, लूट तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल कई मामलों का खुलासा हुआ है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

 

Related Articles

Back to top button