Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurMP

कट्टे के दम पर स्कूटी लूटने वाले तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने हथियार और लूटी गई स्कूटी की बरामद

कट्टे के दम पर स्कूटी लूटने वाले तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने हथियार और लूटी गई स्कूटी की बरामद

जबलपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घमापुर थाना क्षेत्र में कट्टे की नोक पर स्कूटी लूटने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्सिस स्कूटी, वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।

एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि 18 जुलाई को घमापुर थाना क्षेत्र के काली मंदिर मरघटाई के पास धर्मपाल सिंह राजपूत से तीन बदमाशों ने देशी कट्टा अड़ाकर उनकी एक्सिस स्कूटी लूट ली थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के तकनीकी साक्ष्य जुटाए, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार की गई पड़ताल के बाद रामपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार की टीम ने साहिल सेन और राज सोनकर को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी सम्मान रैकवार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

इसके बाद पुलिस ने 20 जुलाई की रात टेस्टिंग रोड स्थित मैदान में दबिश देकर मुख्य आरोपी सम्मान रैकवार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने लूटी गई स्कूटी को एक खंडहर भवन में छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक्सिस स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक भी बरामद कर ली।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी सम्मान रैकवार एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ लूट, अवैध वसूली, चोरी, मारपीट, विस्फोटक अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी साहिल सेन के खिलाफ भी हत्या के प्रयास सहित तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और घमापुर थाना पुलिस की सतर्क कार्रवाई से इस लूटकांड का खुलासा संभव हो सका। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button