Latest News

जबलपुर: आधी रात झपटमारी: बाइक सवार बदमाशों ने युवक को बनाया निशाना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

आधी रात झपटमारी: बाइक सवार बदमाशों ने युवक को बनाया निशाना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जबलपुर। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाएं अब आम नागरिकों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं। खासकर रात के समय लोगों का सड़कों पर निकलना खतरे से खाली नहीं रह गया है। विजयनगर थाना क्षेत्र में सामने आई झपटमारी की ताजा घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं।

मामले में थाना विजयनगर में नितेश राव (27) ने शिकायत दर्ज कराई है। वह मूल रूप से ग्राम सिलोड़ी थाना ढीमरखेड़ा का निवासी है और वर्तमान में करमेता शंकर नगर माढ़ोताल में रहकर वकालत की प्रैक्टिस करता है। घटना के दिन वह बस से डिंडौरी से जबलपुर लौटा था।

बताया गया है कि रात करीब 2 बजे बस से उतरने के बाद वह पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह एसएस कॉन्वेंट स्कूल के पास विजयनगर क्षेत्र में पहुंचा, तभी अचानक तीन अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर उसके पास पहुंचे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, बीच में बैठे एक आरोपी ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से ओप्पो कंपनी का मोबाइल छीन लिया और तीनों तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

यह वारदात न केवल पुलिस गश्त की हकीकत को उजागर करती है, बल्कि यह भी बताती है कि शहर में अपराधियों को कानून का जरा भी डर नहीं रह गया है। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं आम जनता के मन में भय का माहौल बना रही हैं।

स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि रात के समय गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे झपटमार गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

Related Articles

Back to top button