Crime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर: ईद से पहले एक्शन में आई पुलिस, SP सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर में फ्लैग मार्च, गुंडे-बदमाशों में हड़कंप

ईद पर जबलपुर पुलिस का मेगा शो ऑफ फोर्स - सड़कों पर उतरा पुलिस का लाव-लश्कर, अपराधियों को दो टूक - सुधर जाओ वरना खैर नहीं

संस्कारधानी जबलपुर में ईद मिलादुन्नबी का पर्व है और इस पर्व पर शांति और सौहार्द बना रहे, इसके लिए जबलपुर पुलिस ने आज सड़कों पर अपना दमखम दिखा दिया। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के एक आदेश पर पूरा पुलिस अमला सड़क पर उतर आया। शहर के कोने-कोने में पुलिस की गाड़ियों के सायरन गूंजे, जवानों के बूटों की आवाज से असामाजिक तत्वों में खौफ पैदा हो गया। ये सिर्फ एक फ्लैग मार्च नहीं था, ये अपराधियों को खुली चेतावनी थी कि जबलपुर पुलिस त्योहार पर पूरी तरह से अलर्ट है।

आज दिनांक 25-08-26 को शाम होते ही पुलिस लाइन कंट्रोल रूम से पुलिस का ये विशाल काफिला निकला। इस काफिले का नेतृत्व कर रहे थे नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर, नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी और नगर पुलिस अधीक्षक कैंट / गोहलपुर उदयभान बागरी।

इनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे थे शहर के सभी थाना प्रभारी। मानस द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली, नवल आर्य, थाना प्रभारी लार्डगंज, उमेश यादव, थाना प्रभारी मदनमहल, राजपाल सिंह बघेल, थाना प्रभारी ओमती, जितेन्द्र पाटकर, थाना प्रभारी बेलबाग, शशि धुर्वे, थाना प्रभारी सिविल लाइन, रीतेश कुमार पाण्डेय, थाना प्रभारी गोहलपुर, सुभाषचंद बघेल, थाना प्रभारी हनुमानताल, प्रवीण कुमरे, थाना प्रभारी घमापुर, पुष्पेन्द्र पटले, थाना प्रभारी कैंट, संजीव कुमार त्रिपाठी, थाना प्रभारी गोराबाजार और रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य अपने पूरे बल के साथ।

ओमती, लार्डगंज, कोतवाली, हनुमानताल, गोहलपुर, बेलबाग, घमापुर, कैंट, गोराबाजार और पुलिस लाइन का बल एक साथ जब सड़क पर उतरा तो ऐसा लगा जैसे पूरा शहर पुलिस छावनी में बदल गया हो।

फ्लैग मार्च का रूट भी पुलिस ने सोच समझ कर तय किया था। कंट्रोल रूम से शुरू होकर ये मार्च ओमती चौक, करमचंद चौक, मालवीय चौक, सुपर मार्केट, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, मिलौनीगंज, मछली मार्केट, चारखंबा, बहोराबाग, मढ़ी मदार टेकरी, सिंधी कैंप, भानतलैया, घमापुर चौक, तहसील चौक, हाईकोर्ट चौक, पर्यटन तिराहा, पुल नं. 2, कैरिज तिराहा, पेंटी नाका, मेन रोड सदर, गणेश चौक, अब्दुल हमीद चौक होते हुए जैसवाल पेट्रोल पंप तक गया और फिर वापस कंट्रोल रूम आकर समाप्त हुआ। ये वही संवेदनशील इलाके हैं जहां से ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकलना है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने इस फ्लैग मार्च के जरिए दो बड़े संदेश दिए। पहला संदेश आम जनता के लिए – कि आप सुरक्षित हैं, जबलपुर पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर और प्रतिबद्ध है। आप बेफिक्र होकर त्योहार मनाइए।

और दूसरा, सबसे कड़ा संदेश अपराधियों, असामाजिक तत्वों और गुंडे बदमाशों के लिए – कि अगर किसी ने भी त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, कोई अनैतिक गतिविधि की, हुड़दंग मचाने का प्रयास किया तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और उसे जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

कुल मिलाकर जबलपुर पुलिस ने आज फ्लैग मार्च निकाल कर ये साबित कर दिया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों की खैर नहीं। पुलिस की इस मुस्तैदी से शहरवासियों में जहां सुरक्षा की भावना है वहीं अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Back to top button