Crime ReportsCrime ReportsJabalpurMP

कटनी रोड पर शराब की बड़ी खेप पकड़ी, 130 पेटी देशी-अंग्रेजी शराब जब्त

जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र की धनवंतरी नगर चौकी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कटनी रोड नेशनल हाईवे पर शराब से भरी पिकअप वाहन MP 32 G 0493 को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से करीब 130 पेटी देशी और अंग्रेजी शराब जब्त करने की कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार अज्ञात आरोपी मौके से फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी,
जानकारी के मुताबिक MP 32 G 0493 नंबर की पिकअप खजरी खिरिया-कटनी रोड की तरफ से धनवंतरी नगर बाईपास की ओर आ रही थी। इसी दौरान धनवंतरी नगर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पिकअप वाहन में अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

पुलिस को देखते ही आरोपी हुए फरार,
पुलिस द्वारा पिकअप वाहन को रोकते ही उसमें सवार दोनों अज्ञात व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक मौके से करीब 130 पेटी शराब जब्त करने की कार्रवाई की गई है।

CSP एम.डी. नागोतिया पहुंचे मौके पर,
कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद CSP गोरखपुर एम.डी. नागोतिया भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी दुर्गेश मरावी अपनी टीम के साथ शराब और पिकअप वाहन की जब्ती की कार्रवाई में जुटे रहे।

पुलिस टीम की अहम भूमिका,
इस पूरी कार्रवाई में ASI अजय झरिया, आरक्षक पुष्पराज जाट, आरक्षक नितिन कनौजिया, आरक्षक मनोज मिश्रा और आरक्षक वीरेंद्र उइके की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने सूचना मिलने के बाद तत्काल घेराबंदी करते हुए शराब से भरे वाहन को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस ने पिकअप वाहन MP 32 G 0493 को जब्त करते हुए उसमें मिली करीब 130 पेटी देशी एवं अंग्रेजी शराब को कब्जे में लिया है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

पुलिस वाहन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। फरार आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा सकते हैं। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles