Latest News

जबलपुर: केनाल में दर्दनाक हादसा…तीन बच्चियां बहीं, बचाव कार्य जारी,बरगी के सालीवाड़ा कटियाघाट क्षेत्र की घटना, मौके पर पहुंची पुलिस

केनाल में दर्दनाक हादसा...तीन बच्चियां बहीं, बचाव कार्य जारी,बरगी के सालीवाड़ा कटियाघाट क्षेत्र की घटना, मौके पर पहुंची पुलिस

जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र अंतर्गत सालीवाड़ा कटियाघाट के पास केनाल में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें तीन नाबालिग बच्चियां तेज बहाव में बह गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन में जुट गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शीतल पटेल, तनु पटेल और सानिया पटेल नामक तीनों बच्चियां केनाल के किनारे बैठी हुई थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में जा गिरीं और तेज बहाव में बहने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन केनाल का पानी गहरा और बहाव तेज होने के कारण प्रयास सफल नहीं हो सके।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना कुछ ही पलों में घटित हो गई, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया गया।

पुलिस द्वारा गोताखोरों और रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है, जो केनाल में बच्चियों की तलाश कर रहे हैं। क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक बच्चियों का कोई पता नहीं चल सका था। इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में गहरा दुख व्याप्त है। परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर बेसुध हो गए, वहीं स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में केनाल किनारे जमा हो गए। पुलिस का कहना है कि बचाव कार्य पूरी गंभीरता से जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button