Latest News

जबलपुर: घमापुर पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध शराब के जखीरे के साथ आरोपी गिरफ्तार, 40 हजार से ज्यादा की शराब जब्त

घमापुर पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध शराब के जखीरे के साथ आरोपी गिरफ्तार, 40 हजार से ज्यादा की शराब जब्त

जबलपुर में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए घमापुर पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में घमापुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी और देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री की तैयारी में था। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उसके मंसूबों पर पानी फिर गया।

घमापुर थाना प्रभारी दिनेश गौतम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि भगवान दास टेंट के पास कुलिया क्षेत्र में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घमापुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम छोटू उर्फ नवीन खरे, उम्र 34 वर्ष, निवासी शीतलामाई रोड घमापुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने बैगपाइपर की 13 बोतलें, 177 पाव अंग्रेजी शराब तथा 100 पाव देशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 40 हजार 550 रुपये बताई जा रही है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना किसी वैध अनुमति के शराब का भंडारण कर रहा था। आशंका है कि यह शराब अवैध बिक्री के लिए रखी गई थी। आरोपी की इस गतिविधि से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार को बढ़ावा मिल सकता था, लेकिन समय रहते पुलिस ने कार्रवाई कर इस नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है।

थाना प्रभारी दिनेश गौतम:
मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई की गई। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी और देशी शराब बरामद हुई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।”

घमापुर पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। स्पष्ट है कि कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ घमापुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button