Crime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर: चरित्र पर अपमान, ‘मर जा’ जैसी बातों ने ली जान! महिला आत्महत्या मामले में चाची सास, चचेरा देवर और चचेरी ननद गिरफ्तार

चरित्र पर अपमान, 'मर जा' जैसी बातों ने ली जान! महिला आत्महत्या मामले में चाची सास, चचेरा देवर और चचेरी ननद गिरफ्तार

जबलपुर के कैंट थाना क्षेत्र में महिला को आत्महत्या के लिए कथित रूप से उकसाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के दौरान महिला के चरित्र पर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और उसे “मर जा” जैसी बातें कही गईं, जिसके बाद उसने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को नेशनल अस्पताल से सूचना मिली कि शमा परवीन (35) की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। मृतका के पति जावेद घोसी, निवासी एपीएन स्कूल के सामने, सदर कैंट ने बताया कि 17 जून की शाम पत्नी शमा परवीन ने फोन कर कहा था कि पड़ोस में रहने वाली चाची नजमा और उनकी बेटी अमरीन उस पर गलत आरोप लगा रही हैं। उसने भावुक होकर यह भी कहा कि वह जहर खा लेगी और बच्चों का ध्यान रखने को कहा।

शाम को घर पहुंचने पर शमा परवीन घर पर नहीं मिली। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। पहले उसे विक्टोरिया अस्पताल और बाद में नेशनल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मर्ग जांच के दौरान मृतका के पति तथा मायके पक्ष के बयान दर्ज किए गए। जांच में पता चला कि घर के सामने अतिक्रमण हटाने के बाद गिरी ईंटें उठाने को लेकर पड़ोस में रहने वाली चाची सास नजमा से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान नजमा और उनकी बेटी अमरीन ने मृतका के चरित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हो गई।

बताया गया कि शमा परवीन ने यह पूरी घटना अपने रिश्तेदारों को फोन पर बताई थी। इसी दौरान नजमा के बेटे सद्दाम ने कथित रूप से कहा, “तू मरती है तो मर जा, तेरे जैसे बहुत देखे हैं।” पुलिस के अनुसार, इन कथित बातों से आहत होकर शमा परवीन ने आवेश में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।

जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद कैंट थाना पुलिस ने आरोपी सद्दाम घोसी (33 वर्ष), नजमा घोसी (57 वर्ष) और अमरीन घोसी (36 वर्ष), सभी निवासी मोदीबाड़ा, सदर कैंट, के विरुद्ध धारा 108 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है और सभी तथ्यों की गहन जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button