पोश कॉलोनी में डकैतों का धावा, डॉक्टर के घर डकैती की कोशिश नाकाम! पीछा करने पहुंची ग्वारीघाट थाना पुलिस पर भी हमले की कोशिश
चार हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने आधी रात डॉ. विपिन अग्रवाल के घर को बनाया निशाना। डिजिटल लॉक और डॉक्टर की सूझबूझ से टली बड़ी वारदात, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी ग्वारीघाट थाना पुलिस।

जबलपुर के ग्वारीघाट थाना क्षेत्र स्थित पॉश रिलायबल कॉलोनी में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब चार हथियारबंद नकाबपोश बदमाश डकैती की नीयत से एक डॉक्टर के घर में घुस गए। बदमाशों ने पहले मुख्य गेट खोला और फिर भारी लोहे के हथियारों से घर का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। लेकिन घर में लगे डिजिटल लॉक और परिवार की सतर्कता के चलते उनकी पूरी साजिश नाकाम हो गई।
डॉ. विपिन अग्रवाल की सतर्कता से बची बड़ी वारदात,
निजी अस्पताल में कार्यरत डॉ. विपिन अग्रवाल ने बताया कि रात करीब 2 बजे परिवार के साथ सो रहे थे। तभी घर के बाहर संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। बालकनी से नीचे देखा तो एक नकाबपोश बदमाश सड़क पर निगरानी कर रहा था, जबकि तीन अन्य बदमाश लोहे के औजारों से मुख्य दरवाजा तोड़ने का प्रयास कर रहे थे।
यह दृश्य देखते ही डॉ. विपिन अग्रवाल ने जोर-जोर से शोर मचाया और पड़ोसियों को आवाज दी। साथ ही डायल-112 पर सूचना देकर आसपास रहने वाले लोगों को भी फोन किया। कुछ ही देर में कॉलोनी के लोग बाहर निकल आए और चारों ओर लाइटें जल गईं। खुद को घिरता देख बदमाश मौके से फरार हो गए।
ग्वारीघाट थाना पुलिस ने शुरू की घेराबंदी,
सूचना मिलते ही ग्वारीघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों के भागने वाले रास्ते पर सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया। पुलिस ने रेलवे ट्रैक की ओर भाग रहे संदिग्धों का पीछा किया। इस दौरान पुलिस टीम पर भी बदमाशों द्वारा हमला करने की कोशिश किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि इस घटना में किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई और पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश डकैत,
घटना के बाद कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में चार नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ कॉलोनी में प्रवेश करते और डॉ. विपिन अग्रवाल के घर तक जाते दिखाई दिए। पुलिस ने फुटेज जब्त कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
डिजिटल लॉक बना सुरक्षा कवच,
डॉ. विपिन अग्रवाल ने बताया कि यदि घर में डिजिटल लॉक नहीं लगा होता तो बदमाश आसानी से अंदर घुस सकते थे और बड़ी लूट या जानलेवा वारदात को अंजाम दे सकते थे। उनकी सूझबूझ और सुरक्षा व्यवस्था ने परिवार को सुरक्षित बचा लिया।
रहवासियों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल,
घटना के बाद रिलायबल कॉलोनी के रहवासियों में भय का माहौल है। उनका कहना है कि बदमाश अक्सर रेलवे ट्रैक की ओर से कॉलोनी में प्रवेश करते हैं। रहवासियों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी के बिल्डर ने ट्रैक की ओर सुरक्षा दीवार बनाने का वादा किया था, लेकिन आज तक उसे पूरा नहीं किया गया। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर बदमाश लगातार कॉलोनी में घुसने की कोशिश करते हैं।
ग्वारीघाट थाना पुलिस की कार्रवाई जारी,
ग्वारीघाट थाना पुलिस ने डॉ. विपिन अग्रवाल की शिकायत पर अज्ञात डकैतों के विरुद्ध डकैती के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वारदात में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



