Latest News
जबलपुर: ट्रैक्टर चोरी के बाद पाटन पुलिस पर उठे सवाल, सुरक्षा व्यवस्था पर ग्रामीणों का आक्रोश
ट्रैक्टर चोरी के बाद पाटन पुलिस पर उठे सवाल, सुरक्षा व्यवस्था पर ग्रामीणों का आक्रोश

जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र में किसान का ट्रैक्टर चोरी होने की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम टिमरी निवासी किसान नरेन्द्र कुमार साहू का जॉनडियर ट्रैक्टर घर के अंदर बनी गैराज से ही चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता नजर आ रहा है।
पीड़ित किसान के मुताबिक, 16 अप्रैल की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात चोर करीब 4 लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात के बावजूद इलाके में पुलिस की कोई सक्रियता नजर नहीं आई। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त लगभग न के बराबर होती है, जिसका फायदा चोर बेखौफ होकर उठा रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि केवल कागजी कार्रवाई तक ही पुलिस सीमित रहती है, जमीनी स्तर पर ठोस प्रयास नजर नहीं आते। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अगर समय रहते गश्त और निगरानी मजबूत होती, तो इस तरह की वारदात को रोका जा सकता था।
इस घटना ने क्षेत्र के किसानों में डर का माहौल बना दिया है। उनका कहना है कि खेती के लिए जरूरी उपकरण ही सुरक्षित नहीं हैं, तो वे खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करें। अब देखना यह होगा कि पाटन पुलिस इस मामले में कितनी तेजी और गंभीरता दिखाती है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में ही सिमट कर रह जाएगा।



