Latest News

जबलपुर में अवैध वसूली के विरोध में युवक पर जानलेवा हमला

अवैध वसूली के विरोध में युवक पर जानलेवा हमला

जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के प्रेम सागर इलाके में अवैध वसूली का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। शराब के लिए पैसे देने से इंकार करने पर आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक से राकेश ननेट, काले ननेट और शेरु ननेट ने पैसे और शराब की मांग की थी। युवक ने जब इसका विरोध किया और पैसे देने से मना कर दिया, तो आरोपियों ने उससे रंजिश रख ली। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से ही युवक पर दबाव बना रहे थे, लेकिन उसने झुकने से इंकार कर दिया।

घटना वाली रात युवक रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रास्ते में घेर लिया। पहले मुख्य आरोपी ने दोस्ती का दिखावा करते हुए उसे गले लगाया, जिससे युवक को कोई शक नहीं हुआ। लेकिन कुछ ही पलों बाद आरोपियों ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। इस दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर युवक की जांघ पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

थाना प्रभारी सुभाष बघेल ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button