Latest News

जबलपुर में गोरखपुर में फिर चली चाकू: शराब के पैसे न देने पर युवक पर जानलेवा हमला

गोरखपुर में फिर चली चाकू: शराब के पैसे न देने पर युवक पर जानलेवा हमला

जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। मामूली बात को लेकर बढ़ी बहस ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक पर शराब के लिए पैसे न देने पर चाकू से हमला कर दिया गया।

मामले में थाना गोरखपुर में मनीष ठाकुर (27) निवासी चमलोर, गोटेगांव जिला नरसिंहपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि वह मजदूरी करने के लिए गोरखपुर क्षेत्र के छोटी लाइन फाटक के पास आया हुआ था।

सुबह के समय वहां अनिल नाम का एक व्यक्ति, जो नरसिंह मंदिर के पास रहने वाला बताया जा रहा है, उसके पास आया और शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग करने लगा। जब मनीष ठाकुर ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अनिल ने चाकू निकालकर मनीष ठाकुर पर हमला कर दिया। हमले में मनीष के गाल और कमर के पीछे गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जाते-जाते उसने जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद घायल युवक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296(बी), 118(1), 119(1), 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। आम नागरिकों में डर का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में सख्त निगरानी और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button