जबलपुर में घमापुर फायरिंग कांड का बड़ा खुलासा: गैंगस्टर छोटू चौबे मास्टरमाइंड, 5 हजार का इनाम घोषित
घमापुर फायरिंग कांड का बड़ा खुलासा: गैंगस्टर छोटू चौबे मास्टरमाइंड, 5 हजार का इनाम घोषित

जबलपुर के घमापुर में हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना में बड़ा खुलासा हुआ है। इस पूरे मामले में कुख्यात गैंगस्टर सुयश उर्फ छोटू चौबे का नाम सामने आया है, जिसे पुलिस ने इस हमले का मास्टरमाइंड बताया है।
घमापुर थाना क्षेत्र में 21 मार्च की रात चुंगी चौकी के पास यश थराट पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई थीं। इस हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। शुरुआती जांच में इसे पुरानी रंजिश का मामला माना जा रहा था, लेकिन अब पुलिस जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले के मुख्य आरोपी बाबू सिंधी और निखिल कंजा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि इस फायरिंग की साजिश गैंगस्टर छोटू चौबे के इशारे पर रची गई थी। आरोपियों के बयान के बाद पुलिस ने मामले को और गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब फरार गैंगस्टर की तलाश में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने फरार आरोपी छोटू चौबे पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो शहर और आसपास के इलाकों में लगातार दबिश दे रही हैं। संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इस खुलासे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस की सख्त कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।



