जबलपुर में चोरी की वारदातें—ताला तोड़कर घर और दुकान को बनाया निशाना
चोरी की वारदातें—ताला तोड़कर घर और दुकान को बनाया निशाना

जबलपुर में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामलों में अज्ञात चोरों ने गोहलपुर और विजयनगर थाना क्षेत्रों में घर और दुकान को निशाना बनाया।
पहली घटना थाना गोहलपुर क्षेत्र की है, जहां सारा सिटी अमखेरा रोड निवासी श्रीमती निलोफर खान ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 4 अप्रैल की रात उनके पति घर में ताला लगाकर शादी समारोह में गए थे। अगले दिन सुबह मोहल्ले वालों ने सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि घर के अंदर अलमारी से सोने के टॉप्स, एक जोड़ी बाली, एक नथ और चांदी की तीन चैन चोरी हो चुकी थीं। वहीं सामने रहने वाले मोहसिन के घर का ताला भी टूटा मिला, जहां से करीब 50 हजार रुपये नगद गायब पाए गए।
दूसरी घटना थाना विजयनगर क्षेत्र की है। रवि किरण सोसायटी निवासी पियूष उर्फ राजा जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कृषि उपज मंडी में उनकी दुकान का निर्माण कार्य चल रहा है। दुकान के बाहर रखी अनाज की बोरियों को तिरपाल से ढका गया था, लेकिन 19 अप्रैल की सुबह अज्ञात चोर दो बोरी चना, जिसकी कीमत लगभग 7 हजार रुपये है, चोरी कर ले गए।
दोनों ही मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।



