जबलपुर में दबंगों की दादागिरी — 20 साल के युवक पर 50 पार के ‘चाचाओं’ का हमला, मां ने लगाई इंसाफ की गुहार
जबलपुर में दबंगों की दादागिरी — 20 साल के युवक पर 50 पार के ‘चाचाओं’ का हमला, मां ने लगाई इंसाफ की गुहार

जबलपुर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक 20 वर्षीय युवक को कथित तौर पर 50 साल से अधिक उम्र के लोगों ने निशाना बनाया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मामला हनुमानताल थाना क्षेत्र का है, जहाँ पीड़ित युवराज सिंह राजपूत की माँ कविता राजपूत ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, गाड़ी चलाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि मोनू ठाकुर और उसके साथियों ने इस विवाद को लेकर रंजिश पाल ली और फिर योजनाबद्ध तरीके से हमला करने पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि करीब 15 लोग, जिनकी उम्र 50 वर्ष से अधिक बताई जा रही है, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर युवराज के घर पहुंच गए। आरोपियों ने घर को चारों ओर से घेर लिया और जमकर गाली-गलौज करते हुए बाहर निकलने की धमकी दी।
हालांकि, परिजनों की सतर्कता के चलते युवराज को समय रहते घर के अंदर सुरक्षित कर लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। लेकिन इस घटना के बाद परिवार दहशत में है और इलाके में भी भय का माहौल बना हुआ है।
पीड़िता का कहना है कि उन्होंने न्याय के लिए पुलिस थाने के कई चक्कर लगाए, लेकिन जब संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो वे सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। जहाँ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
“हमारे बेटे को मारने की कोशिश की गई है, हम चाहते हैं कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो… कविता राजपूत, पीड़िता की माँ
फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब देखना होगा कि आरोपियों पर कब तक सख्त कार्रवाई होती है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।



