जबलपुर: डिपो से निकलते ही पेट्रोल पर हाथ साफ! टैंकर चालक 65 लीटर ईंधन चोरी करते गिरफ्तार
डिपो से निकलते ही पेट्रोल पर हाथ साफ! टैंकर चालक 65 लीटर ईंधन चोरी करते गिरफ्तार

जबलपुर जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने पेट्रोल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए टैंकर चालक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी चालक डिपो से पेट्रोल लोड करने के बाद रास्ते में ही उसे निकालकर बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की तत्परता से उसकी करतूत पकड़ी गई।
शहपुरा थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे ने पूरे मामले में जानकारी देते हुए बताया है कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंडियन ऑयल डिपो शहपुरा के सामने एक टैंकर चालक रोड किनारे खड़े होकर टैंकर से पेट्रोल निकाल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां पहुंचकर देखा गया कि एक व्यक्ति टैंकर क्रमांक एमपी 20 एक्स ए 8174 से पाइप लगाकर प्लास्टिक की बाल्टियों में पेट्रोल निकाल रहा था।
पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राम सुशील यादव (38 वर्ष), निवासी ग्राम कोल्हाई थाना गुढ़ जिला रीवा बताया। आरोपी ने बताया कि वह टैंकर चालक है और इंडियन ऑयल डिपो शहपुरा से पेट्रोल-डीजल लोड कर निर्धारित स्थानों पर सप्लाई करता है।
जांच के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि 22 अप्रैल को उसने डिपो से करीब 12 हजार लीटर पेट्रोल लोड किया था। डिपो से निकलने के बाद उसने रास्ते में टैंकर खड़ा कर उसमें से करीब 65 लीटर पेट्रोल निकाल लिया, जिसे बेचने की योजना थी। पुलिस ने मौके से दो जरीकेन बरामद किए, जिनमें एक में 50 लीटर और दूसरे में 15 लीटर पेट्रोल भरा हुआ था। इसके अलावा तीन बाल्टियां और पेट्रोल निकालने के उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 65 लीटर पेट्रोल, जिसकी कीमत लगभग 6500 रुपये बताई जा रही है, जब्त कर लिया है। शेष टैंकर में 11,935 लीटर पेट्रोल सुरक्षित पाया गया। इस मामले में थाना शहपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज कर विधि अनुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



