Latest News
जबलपुर में बाहर से बंद था कमरा, अंदर मिला महिला का शव; घमापुर में रहस्यमयी मौत से फैली सनसनी
बाहर से बंद था कमरा, अंदर मिला महिला का शव; घमापुर में रहस्यमयी मौत से फैली सनसनी

जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र स्थित शीतला माई इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद मकान के अंदर 38 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान आरती चौधरी, पति कन्हैया चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों को मकान से तेज दुर्गंध आने लगी थी। कई घंटों तक घर बंद रहने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची घमापुर थाना पुलिस ने जब मकान का दरवाजा खुलवाया, तो अंदर महिला का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत दो से तीन दिन पहले हुई हो सकती है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि शव उमा कोरी के मकान में मिला, जबकि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। यही तथ्य पूरे मामले को रहस्यमय बना रहा है। आखिर महिला उस कमरे तक कैसे पहुंची और घटना के समय वहां कौन मौजूद था, इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों और मृतका के परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य साजिश—हर एंगल से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच जारी है। वहीं इस रहस्यमयी मौत ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।



