जबलपुर में रफ्तार ने छीनी दो जिंदगियां: अलग-अलग सड़क हादसों में युवकों की मौत से मातम
रफ्तार ने छीनी दो जिंदगियां: अलग-अलग सड़क हादसों में युवकों की मौत से मातम

जबलपुर जिले में सड़क हादसे लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। सिहोरा और भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक बस की टक्कर का शिकार हुआ, जबकि दूसरे ने लंबे इलाज के बाद दम तोड़ दिया।
सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम भखरी में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहां कुलदीप सिंह गौड़ अपने साले प्रमेश उर्फ छोटू को छोड़ने के लिए मोटरसाइकिल से निकला था। दोनों सड़क किनारे खड़े होकर चाय पी रहे थे, तभी तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े युवकों और मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत शासकीय अस्पताल सिहोरा पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्रमेश उर्फ छोटू, उम्र 21 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल कुलदीप सिंह गौड़ को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया।
मामले में सिहोरा पुलिस ने बस क्रमांक एमपी 20 जेड आर 7515 के चालक के खिलाफ तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
वहीं भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के पिपरिया तेवर निवासी 25 वर्षीय अभिषेक कोल की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि 12 अप्रैल को वह मोटरसाइकिल से खेत जा रहा था, तभी शिल्पीनगर मोड़ के पास बाइक खंभे से टकरा गई थी।
दुर्घटना के बाद अभिषेक को मेडिकल कॉलेज और बाद में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर दोबारा मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन 9 मई की रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
दो अलग-अलग सड़क हादसों में हुई मौतों ने परिवारों को गम में डुबो दिया है। लगातार हो रहे हादसे सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर नियंत्रण की जरूरत को फिर उजागर कर रहे हैं।



