Latest News

जबलपुर में राष्ट्रपति दौरे को लेकर हाई अलर्ट: जबलपुर में तैयारियां तेज, कलेक्टर-एसपी ने ली बड़ी समीक्षा बैठक

राष्ट्रपति दौरे को लेकर हाई अलर्ट: जबलपुर में तैयारियां तेज, कलेक्टर-एसपी ने ली बड़ी समीक्षा बैठक

जबलपुर में महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति के आगमन से पहले व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रपति के दौरे से जुड़े सुरक्षा प्रबंध, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले और तय मानकों के अनुसार पूरी कर ली जाएं।

बैठक के दौरान राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा भी साझा की गई, ताकि कार्यक्रम का संचालन पूरी तरह सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से किया जा सके।

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 20 जून को शाम 6:10 बजे भारतीय वायु सेना के विमान से जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी और यहीं रात्रि विश्राम करेंगी।

इसके बाद 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सुबह 7:20 बजे गैरीसन ग्राउंड में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके पश्चात राष्ट्रपति सुबह 11:40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पहुंचेंगी, जहां वे विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी।

कार्यक्रम के समापन के बाद राष्ट्रपति दोपहर 12:50 बजे जबलपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी और दोपहर 1:20 बजे भारतीय वायु सेना के विमान से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगी।

प्रशासन का कहना है कि यह दौरा शहर के लिए गौरव का अवसर है, इसलिए सुरक्षा से लेकर यातायात, साफ-सफाई और प्रोटोकॉल तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जबलपुर में प्रशासनिक सक्रियता अपने चरम पर है। अब देखना होगा कि यह पूरा आयोजन कितनी व्यवस्थित और सफल तरीके से संपन्न होता है। :::

Related Articles

Back to top button