Latest News

जबलपुर में दर्दनाक हादसे और संदिग्ध मौतें: सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, दो ने फांसी लगाकर दी जान

दर्दनाक हादसे और संदिग्ध मौतें: सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, दो ने फांसी लगाकर दी जान

जबलपुर जिले में बीते 24 घंटों के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। कहीं सड़क हादसे में युवक की मौत हुई तो कहीं दो लोगों ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
थाना पाटन क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ग्राम करोंदी निवासी चतुर सिंह गौंड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके भाई हल्ले सिंह का बगदरी के पास मोड़ पर अज्ञात वाहन से एक्सीडेंट हो गया। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ, जिसकी सूचना सुबह मिली। परिजन सिविल अस्पताल पाटन पहुंचे, जहां शव स्ट्रेचर पर रखा मिला। दुर्घटना में मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 281, 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बायपास पर टक्कर के बाद युवक ने तोड़ा दम
थाना तिलवारा क्षेत्र में भी सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मनीष यादव (27), निवासी सनाई डोंगरी, जिला सिवनी को लम्हेटा बायपास के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल मनीष को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां रात 9:30 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो अलग-अलग मामलों में फांसी लगाकर आत्महत्या
थाना खमरिया क्षेत्र में 42 वर्षीय गिरीश ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मित्र बंटी यादव को गिरीश की मां तुलसा बाई ने फोन कर जानकारी दी थी। दरवाजा अंदर से बंद होने पर तोड़ा गया, जहां गिरीश फांसी के फंदे पर लटका मिला।

वहीं थाना रांझी क्षेत्र में भी एक इसी तरह की घटना सामने आई। पुरानी बस्ती निवासी 40 वर्षीय अनिल केवट ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह जब परिजनों ने दरवाजा नहीं खुलने पर तोड़ा, तो अंदर अनिल का शव फंदे पर लटका मिला।

पुलिस कर रही जांच
चारों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मौत के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। सड़क हादसों में अज्ञात वाहन चालकों की तलाश जारी है, वहीं आत्महत्या के मामलों में कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

जिले में एक ही दिन में हुई इन घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। जहां सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं आत्महत्या की बढ़ती घटनाएं भी चिंता का विषय बनती जा रही हैं। :::

Related Articles

Back to top button