Latest News
जबलपुर में शराब माफिया से आबकारी का याराना? पुलिस कार्रवाई को दिखा रहे ठेंगा, LiC में फिर सजने लगे जाम
शराब माफिया से आबकारी का याराना? पुलिस कार्रवाई को दिखा रहे ठेंगा, LiC में फिर सजने लगे जाम

जबलपुर के शारदा चौक स्थित एलआईसी के पास एक बार फिर वही हालात बनते नजर आ रहे हैं, जो पहले प्रशासन के लिए सिरदर्द बन चुके हैं। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद शराब ठेकेदारों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित आहते को बंद कराया था, लेकिन अब वही आहता दोबारा चालू हो गया है और खुलेआम शराब परोसी जा रही है।

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा सवाल आबकारी विभाग की भूमिका पर खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब माफिया और आबकारी विभाग के बीच सांठगांठ के चलते ही यह अवैध कारोबार बेखौफ चल रहा है। जिस तरह से पुलिस की कार्रवाई को दरकिनार करते हुए ठेकेदार दोबारा आहता शुरू कर रहे हैं, उससे साफ जाहिर होता है कि उन्हें किसी का डर नहीं है।

शाम होते ही शराब दुकान के बाजू में लोगों की भीड़ जुटने लगती है। खुलेआम जाम छलकते हैं, जिससे पूरे इलाके का माहौल बिगड़ रहा है। आसपास रहने वाले लोगों, खासकर महिलाओं और बच्चों को इससे भारी असुविधा हो रही है। कई बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
पुलिस जहां अपनी ओर से कार्रवाई कर रही है, वहीं आबकारी विभाग की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। अगर विभाग चाहे तो इस तरह के अवैध आहते पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकती है, लेकिन मौजूदा हालात देखकर लगता है कि या तो लापरवाही बरती जा रही है या फिर जानबूझकर आंखें मूंदी जा रही हैं।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो। साथ ही अवैध आहते को स्थायी रूप से बंद कराया जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।
अब सवाल यही है कि क्या प्रशासन इस बार सख्ती दिखाएगा या फिर शराब माफिया और आबकारी विभाग का यह कथित गठजोड़ यूं ही चलता रहेगा। फिलहाल, शारदा चौक में खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं।



