जबलपुर: सड़क पर अवैध बस खड़ी करने वालों पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
सड़क पर अवैध बस खड़ी करने वालों पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई

जबलपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर आज “गरूड़ दल” द्वारा नगर निगम, पुलिस और आरटीओ की संयुक्त टीम ने दीनदयाल चौक पर औचक दबिश दी। इस दौरान यातायात में बाधा डालने वाली बसों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
संयुक्त टीम में एसडीएम अधारताल, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात), आरटीओ और नगर निगम की अतिक्रमण शाखा के अधिकारी शामिल रहे। मौके पर पहुंचकर टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाली 6 बसों को जब्त कर लिया।
प्रशासन के अनुसार, काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि बसें निर्धारित स्टॉप के बजाय मुख्य सड़क पर ही रुक रही थीं। ड्राइवर बीच सड़क पर सवारी उतारते और चढ़ाते थे, जिससे वहां लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी और आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही थी।
कार्रवाई के दौरान जिन बसों को जब्त किया गया, उनमें MP20 ZF 9111, MP20 ZW 1917, MP20 PA 1628, MP04 PA 2863, MP20 ZH 9500, MP34 P 4205 और MP17 ZF 9902 शामिल हैं। इनमें से एक बस को बारात परमिट होने के कारण छोड़ा गया, जबकि एक अन्य बस पर 10 हजार रुपये का चालान कर रिहा किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने बस संचालकों और ड्राइवरों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे केवल निर्धारित स्टॉप पर ही बस रोकें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



